जालंधर: फर्द केंद्र कंप्यूटर ऑपरेटर एसोसिएशन (रजि.) ने अपनी मांगों को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए 5 से 7 मार्च तक पूरे पंजाब में फर्द केंद्र बंद रखने की चेतावनी दी है। इस संबंध में एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सहायक कमिश्नर आदित्य गुप्ता को उपायुक्त (DC) के नाम मांगपत्र सौंपा।
एसोसिएशन का कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित कंपनी की होगी।
15 से 18 सालों से सेवाएं, फिर भी उपेक्षा का आरोप
एसोसिएशन पदाधिकारियों नानक राम, रजत दयाल, राकेश कुमार और मोहित शर्मा ने बताया कि पंजाब भर में करीब 900 से अधिक डाटा एंट्री ऑपरेटर पिछले 15 से 18 वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे हैं। इन्हें सी.एम.एस. कंप्यूटर्स लिमिटेड के माध्यम से नियुक्त किया गया था, ताकि पंजाब के माल रिकॉर्ड को कंप्यूटरीकृत किया जा सके और जनता को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि इतने वर्षों की सेवा के बावजूद न तो उचित वेतन वृद्धि की गई और न ही कोई स्थायी सेवा सुरक्षा या सम्मान प्रदान किया गया।
फर्द केंद्र कर्मचारियों से लिए जाते हैं कई अहम सरकारी कार्य
एसोसिएशन के अनुसार, कर्मचारियों से केवल जमाबंदी, खसरा गिरदावरी और इंतकाल का कार्य ही नहीं कराया जाता, बल्कि उनसे कई अन्य महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं और फील्ड ड्यूटी में भी लगाया जाता है, जिनमें शामिल हैं:
- 10 लाख बीमा कार्ड योजना
- डी.सी.एस. ड्यूटी
- ततीमा कटिंग
- पीएम किसान योजना
- कर्ज माफी एंट्री
- स्पेशल गिरदावरी
- फसल खराबा सर्वे
- चुनाव ड्यूटी
- कोविड-19 महामारी के दौरान फील्ड वर्क
इतनी व्यापक जिम्मेदारियों के बावजूद कर्मचारियों को न्यूनतम सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं, जिससे उनमें भारी रोष है।
वेतन बढ़ाने का वादा, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा हर साल वेतन वृद्धि का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जब कर्मचारी वेतन बढ़ाने की मांग करते हैं, तो उन्हें राजनीतिक या यूनियन संगठनों से न जुड़ने की धमकी तक दी जाती है।
5 से 7 मार्च तक पूरी तरह बंद रहेंगे फर्द केंद्र
एसोसिएशन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो 5 मार्च से 7 मार्च तक पूरे पंजाब में सभी फर्द केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे, जिससे आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।













