जालंधर: जालंधर के संतोखपुरा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने एक डॉक्टर के घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमलावरों ने पहले घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया और फिर मकान की ओर लगातार 10 राउंड गोलियां दाग दीं, जिसके बाद मौके से फरार हो गए।
कैसे हुई वारदात?
जानकारी के अनुसार, घटना देर शाम की है जब दो बदमाश बाइक पर सवार होकर डॉक्टर यशपाल के घर पहुंचे। उन्होंने पहले बाहर खड़ी कार पर गोलियां चलाईं और इसके बाद सीधे मकान की ओर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
परिवार घर में था मौजूद, टला बड़ा हादसा
घटना के समय डॉक्टर यशपाल अपने परिवार के साथ घर के अंदर मौजूद थे। गनीमत रही कि इस गोलीबारी में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज में कैद पूरी वारदात
पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने कई इलाकों में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान भी शुरू कर दिया है।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी
सूचना मिलते ही एसीपी, थाना प्रभारी (SHO) सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल फायरिंग के मकसद और पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।













