जालंधर, 21 सितंबर 2025: जालंधर शहर के ढन्न मोहल्ला के पास डेयरियां मोहल्ला इलाके में आज एक बड़ा हादसा सामने आया। यहां स्थित दशमेश प्रिंटिंग प्रेस में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसमें प्रेस मालिक सनी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जबरदस्त था कि मालिक सनी एल्युमिनियम के दरवाजे से टकराकर बाहर जा गिरा। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और घायल को पास के पाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
धमाके के बाद प्रेस में आग लग गई, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पा लिया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
घटना की सूचना मिलते ही आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता दिनेश ढल्ल भी मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की अपील की।
सूत्रों के अनुसार, प्रेस मालिक ने हाल ही में करीब 50 लाख रुपये की लागत से एक नई प्रिंटिंग मशीन लगवाई थी। फिलहाल यह आशंका जताई जा रही है कि हादसा मशीनरी की खराबी के कारण हुआ होगा। हालांकि, प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।













