जालंधर (सनी खुरमा)। थाना मकसूदां की पुलिस ने गांव बुलंदपुर के पशु चिकित्सक डॉ. अमरजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 13 वर्षीय बच्चे के साथ कथित शारीरिक शोषण का आरोप है।
प्रारंभिक FIR नंबर 152 में आरोपी पर जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और जान से मारने की धमकी देने की धाराएं दर्ज की गई थीं। बाद में पीड़ित बच्चे के कोर्ट में बयान देने के बाद पुलिस ने मामले में POCSO एक्ट की धाराएं भी जोड़ दीं।
पुलिस के अनुसार, घटना 19 जून को हुई, जब बच्चा मंदिर के पास खड़ा था। डॉ. अमरजीत ने उसे अपनी बाइक पर बिठाकर फार्महाउस ले जाने की कोशिश की और वहां गंदी हरकत करने का प्रयास किया। बच्चे ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद बच्चे के पिता ने 18 जुलाई को थाना मकसूदां में शिकायत दर्ज करवाई।
आरोपी ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया और स्थानीय नेताओं व पुलिस पर झूठा मामला दर्ज करने का आरोप लगाया। पुलिस ने एस.एच.ओ. विक्रम सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।













