अमृतसर: अमृतसर के सुल्तानविंड रोड स्थित गोबिंद नगर निवासी 30 वर्षीय पायलट स्वराजदीप सिंह की सोमवार देर रात एक भीषण विमान हादसे में मौत हो गई। रांची से दिल्ली जा रही मेडिकल इवैक्यूएशन फ्लाइट (एयर एंबुलेंस) उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही तकनीकी खराबी के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
स्वराजदीप सिंह करीब आठ महीने पहले ही एक निजी एयर एंबुलेंस कंपनी में पायलट के रूप में शामिल हुए थे। प्रारंभिक जांच में विमान में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हादसे के कारणों, फ्लाइट डेटा और उस समय की मौसम परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मंगलवार तड़के जैसे ही स्वराजदीप की मौत की खबर गोबिंद नगर पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्वराज अपने पीछे पत्नी, तीन महीने का बेटा, माता-पिता और एक भाई को छोड़ गए हैं।
परिवार के करीबी मित्र सिमरनदीप सिंह ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे पहली सूचना मिली थी, लेकिन स्थिति स्पष्ट नहीं थी। तड़के करीब 2:30 बजे जब मौत की पुष्टि हुई, तो परिवार गहरे सदमे में चला गया।
बचपन से था पायलट बनने का सपना
दोस्तों और पड़ोसियों के अनुसार, स्वराजदीप बचपन से ही पायलट बनने का सपना देखते थे। उन्होंने वर्षों की कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया था। हाल ही में उन्होंने एयर एंबुलेंस मिशनों की जिम्मेदारी संभाली थी, जो गंभीर मरीजों के लिए जीवन रेखा साबित होते हैं।
बताया गया कि स्वराजदीप पिछले शनिवार को ही एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने घर आए थे और जल्द फिर मिलने का वादा किया था। लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात होगी।
इलाके के लोगों ने सरकार से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की मांग की है।













