बटाला, 29 सितम्बर : The Jalandhar Times गांव लील कलां स्थित गुरुद्वारा साहिब के सरोवर में रविवार सुबह 5:30 बजे स्नान करने गए पति-पत्नी की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान बलवंत सिंह (50) और उनकी पत्नी रजवंत कौर (45) के रूप में हुई है, जो गांव कंडीला, थाना घुमान के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, बलवंत सिंह पहले स्नान के लिए सरोवर में उतरे लेकिन संतुलन खो बैठने से वह डूबने लगे। उनकी पत्नी रजवंत कौर ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी डूब गईं। गुरुद्वारा साहिब के सेवादार ने तुरंत गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इस दुखद घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। दंपति के एक बेटी और दो बेटे हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर 174 की कार्रवाई की है और पोस्टमार्टम के लिए बटाला के सिविल अस्पताल भेज दिया है। थाना कादियां के एसएचओ परमिंदर सिंह ने मामले की पुष्टि की।