President Election2022 : आगामी राष्ट्रपति चुनाव में बीजेपी की तरफ से द्रौपदी मुर्मू को एनडीए का उम्मीदवार बनाया गया है। एक महिला, आदिवासी नेता को देश के सर्वोच्च पद का दावेदार बनाए जाने को बीजेपी का मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। मुर्मू को आगे लाकर पार्टी ने एक तीर से कई निशाने साधने की कोशिश की है। ये न सिर्फ देश की महिलाओं, आदिवासियों और एससी-एसटी समुदायों के लिए बड़ा संदेश है, बल्कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के मद्देनजर सावधानी से बढ़ाया गया कदम भी है।
मुर्मू ओडिशा से हैं और झारखंड की राज्यपाल रही हैं। बीजेपी इन दोनों ही राज्यों में अपने विस्तार की कोशिश में है। ओडिशा से पहली बार किसी को राष्ट्रपति पद का दावेदार बनाया जाना वहां की उड़िया आबादी को लुभाने का बड़ा प्रयास है। इससे भविष्य में पार्टी को वहां पैर जमाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, राष्ट्रपति चुनाव में बीजू जनता दल का समर्थन हासिल करना भी आसान हो गया है, जो एनडीए उम्मीदवार की जीत के लिए जरूरी है।
बीजेपी ने 5 साल पहले यूपी के दलित समुदाय से आने वाले रामनाथ कोविंद को राष्ट्रपति बनवाकर बड़ा मैसेज दिया था।