जालंधर में हिंसक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं एक तरफ सरकार की तरफ से कोड ऑफ कंडक्ट के चलते सभी लाइसेंसी हथियार जमा करवाने का दावा किया जा रहा है वहीं दूसरी ओर आज जालंधर के थाना लांबरा में पड़ते गांव अठओला में चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान इटली से जालंधर कबड्डी खेलने के लिए आए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी इंदरप्रीत सिंह को कुछ अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। गोली खिलाड़ी के टांग में लगी। जिसे तुरंत जालंधर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सिविल अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टर ने खिलाड़ी को किसी निजी अस्पताल में रेफर कर दिया।
खिलाड़ी के परिजनों ने हालातों के मद्देनजर जालंधर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जिसके बाद मौजूद डॉक्टरों की टीम ने तुरंत ऑपरेशन कर गोली को सफलतापूर्वक बाहर निकाला। फिलहाल इंदर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मौके पर पहुंचे डीएसपी सुखपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में घायल के बयान अभी नहीं लिए गए हैं। जल्द ही घायल इंदर के बयानो पर बनती कार्यवाही की जाएगी।