बेंगलुरु।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के ग्रामीण क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। होसकोटे के बाहरी इलाके में हुए इस चेन एक्सीडेंट में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार हादसा होसकोटे-डबासपेट राष्ट्रीय राजमार्ग NH-648 पर एम. सत्यवारा गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि होसकोटे से देवनहल्ली की ओर जा रही एक XUV 700 कार पहले एक मोटरसाइकिल से टकराई। टक्कर के बाद कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी आगे चल रहे कैंटर से जा भिड़ी।
इसी दौरान एक अन्य कार भी दुर्घटना की चपेट में आ गई, जिससे हादसा और भीषण हो गया। इस दुर्घटना में कार में सवार छह लोगों और मोटरसाइकिल चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीडिंग को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए होसकोटे के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को सूचना दी जा रही है।







