पट्टी, 28 सितम्बर 2025 – पट्टी विधानसभा क्षेत्र में रविवार सुबह माही रिसोर्ट के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गांव बूह निवासी कुख्यात बदमाश राजदीप सिंह उर्फ राजा पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने शनिवार को राजदीप सिंह को गिरफ्तार किया था। रविवार सुबह पुलिस उसे अपने साथ बहमनीवाला रोड के पास एक सुनसान जगह पर हथियारों की निशानदेही के लिए लेकर गई थी।
इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मौके से दो ग्लॉक पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में अहम कदम है।
फायरिंग में घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।








