Home / Politics / Article

BJP-Akali Dal Alliance: 6 साल बाद फिर साथ आए BJP और अकाली दल, 2027 पंजाब चुनाव मिलकर लड़ेंगे

पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने छह साल बाद फिर हाथ मिला लिया है। दोनों पार्टियां 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अकाली दल को गठबंधन में बड़ा भाई बताते हुए मुख्यमंत्री पद को लेकर भी अहम संकेत दिए हैं।

अमित शाह, सुखबीर सिंह बादल और नितिन नबीन BJP-अकाली दल गठबंधन की घोषणा करते हुए
अमित शाह, सुखबीर सिंह बादल और नितिन नबीन BJP-अकाली दल गठबंधन की घोषणा करते हुए
Share this story: Facebook X WhatsApp

नई दिल्ली/जालंधर : पंजाब की राजनीति में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने छह साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर गठबंधन कर लिया है। दोनों पार्टियां अब 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त रूप से गठबंधन का ऐलान किया।

गठबंधन की घोषणा करते हुए अमित शाह ने कहा कि NDA का सबसे पुराना सहयोगी अकाली दल एक बार फिर गठबंधन में लौट आया है। उन्होंने इस राजनीतिक साझेदारी को हिंदू-सिख एकता और पंजाब में शांति, सद्भाव तथा खुशहाली को मजबूत करने वाला कदम बताया। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अकाली दल की NDA में वापसी से काफी खुश हैं।

इस दौरान सबसे महत्वपूर्ण बात मुख्यमंत्री पद को लेकर सामने आई। गठबंधन में सीटों के बंटवारे और नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर अमित शाह ने अकाली दल को बड़ा भाई बताया। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि गठबंधन में जो पार्टी बड़े भाई की भूमिका में होगी, मुख्यमंत्री भी उसी पार्टी से होगा। इस तरह 2027 के चुनाव में अकाली दल की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा सामने आने की संभावना मजबूत हो गई है। हालांकि, दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे का विस्तृत फॉर्मूला अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।

अमित शाह ने कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन पंजाब में नशे की समस्या को खत्म करने, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने, युवाओं को रोजगार देने और किसानों के मुद्दों का समाधान करने को प्राथमिकता देगा। शाह ने पंजाब को 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त बनाने का भी वादा किया।

अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस गठबंधन को केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनात्मक रिश्ता बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इस गठबंधन की नींव रखी थी। सुखबीर बादल के मुताबिक, दोनों पार्टियों का साथ आना पंजाब और पंजाब के लोगों के हित में है। उन्होंने राज्य में मौजूदा हालात पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए दोनों पार्टियों का एक साथ आना जरूरी है।

गौरतलब है कि भाजपा और अकाली दल के बीच करीब 24 साल तक राजनीतिक गठबंधन रहा था। दोनों पार्टियों ने 1997 से लेकर 2020 तक कई चुनाव मिलकर लड़े और पंजाब में 2007 से 2017 तक लगातार दो बार सरकार भी बनाई। इस गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहता था, जबकि भाजपा 117 विधानसभा सीटों में से 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी।

सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों पार्टियों के बीच मतभेद पैदा हो गए थे। किसानों के आंदोलन के बीच अकाली दल ने भाजपा से अपना पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद दोनों पार्टियों ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़े। इन चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई, जबकि अकाली दल को तीन और भाजपा को केवल दो सीटों पर जीत मिली।

अब छह साल बाद दोनों पुराने सहयोगियों की वापसी ने पंजाब की चुनावी राजनीति को नया मोड़ दे दिया है। इस गठबंधन का सीधा मुकाबला आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सहित राज्य की अन्य राजनीतिक ताकतों से होने की संभावना है। हालांकि, गठबंधन की असली ताकत का पता आने वाले दिनों में सीटों के बंटवारे, उम्मीदवारों के चयन और दोनों पार्टियों के जमीनी कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रिया से चलेगा।

For permission to reuse our original reporting or images, contact The Jalandhar Times.

Related News