Home / Jalandhar / Article

Jalandhar : लक्की ठाकुर हत्याकांड में नरिंदर थापर सहित 3 गिरफ्तार, DCP ने बताई हत्या की वजह

जालंधर के लक्की ठाकुर उर्फ लक्की खोखा हत्याकांड में पुलिस ने शिवसेना नेता नरिंदर थापर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। DCP आदित्य वारियर के मुताबिक, नरिंदर थापर और दीपक राणा को फतेहगढ़ साहिब से जबकि गुड़िया को जालंधर से पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि दोनों परिवारों के युवकों के बीच विवाद के बाद मामला बढ़ा था।

जालंधर में लक्की ठाकुर हत्याकांड में गिरफ्तार नरिंदर थापर सहित तीन आरोपी
जालंधर में लक्की ठाकुर हत्याकांड में गिरफ्तार नरिंदर थापर सहित तीन आरोपी
Share this story: Facebook X WhatsApp

जालंधर : मखदूमपुरा के लक्की ठाकुर उर्फ लक्की खोखा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवसेना नेता नरिंदर थापर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान दीपक राणा और गुड़िया पुत्री तरसेम लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को दो अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। नरिंदर थापर और दीपक राणा को फतेहगढ़ साहिब से पकड़ा गया, जबकि तीसरी आरोपी गुड़िया को जालंधर से गिरफ्तार किया गया।

मामले की जानकारी देते हुए DCP आदित्य वारियर ने बताया कि CIA स्टाफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गुड़िया पर आरोपियों को पनाह देने का आरोप है। पुलिस अब तीनों से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या की वारदात में उनकी भूमिका और अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।

DCP ने जांच के दौरान सामने आई जानकारी का जिक्र करते हुए बताया कि लक्की ठाकुर के बेटे और नरिंदर थापर के बेटे के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। दोनों युवकों के बीच झगड़ा होने के बाद उनके परिवारों के बीच भी तनाव बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते लक्की ठाकुर की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

नशे से जुड़े विवाद के बारे में पूछे जाने पर DCP ने कहा कि इस पहलू की भी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले मृतक के परिवार ने आरोप लगाया था कि लक्की ठाकुर का नरिंदर थापर के परिवार के साथ उसके बेटे को नशे की लत में धकेलने को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार का कहना था कि इस संबंध में पहले पुलिस में शिकायत भी दी गई थी। पुलिस फिलहाल इस आरोप की जांच कर रही है।

पुलिस ने यह भी बताया कि नरिंदर थापर के खिलाफ पहले से 12 मामले दर्ज हैं, जबकि लक्की ठाकुर के खिलाफ भी छह मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। DCP के मुताबिक, नरिंदर थापर के पिस्टल लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

गौरतलब है कि मंगलवार रात मखदूमपुरा इलाके में लक्की ठाकुर पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल लक्की को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद परिवार ने पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताते हुए कई लोगों पर आरोप लगाए थे।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि उनसे पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।

For permission to reuse our original reporting or images, contact The Jalandhar Times.

Related News