जालंधर : श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर जालंधर के बस्ती दानिशमंदा स्थित बड़ा बाजार के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में गुरमत समागम का आयोजन किया गया। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता सुखमिंदर सिंह राजपाल ने गुरु साहिब के चरणों में अरदास कर अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन की चढ़दी कला तथा पंजाब की खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व विधायक शीतल अंगुराल सहित अकाली दल और भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। गुरमत समागम के दौरान सुखमिंदर सिंह राजपाल ने अरदास की कि पंजाब में आपसी भाईचारा, प्रेम और एकता बनी रहे तथा दोनों पार्टियों का गठबंधन मजबूती के साथ आगे बढ़े।
राजपाल ने पंजाब से नशे के खात्मे और बेरोजगारी दूर करने की भी अरदास की। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए, ताकि उन्हें बेहतर भविष्य के लिए दूसरे स्थानों की ओर पलायन न करना पड़े। उन्होंने गुरु साहिब से प्रार्थना की कि पंजाब विकास और खुशहाली की नई बुलंदियों को छुए।
इस दौरान उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु साहिब ने पूरी मानवता को आपसी प्रेम, भाईचारे और सेवा का संदेश दिया है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट रहने और जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा देती हैं।
अंत में सुखमिंदर सिंह राजपाल ने गुरु साहिब से सभी पर मेहर बनाए रखने और पंजाब को फिर से खुशहाल बनाने की अरदास की।
For permission to reuse our original reporting or images, contact The Jalandhar Times.