जालंधर (विवेक पठानिया) : ग्रीस में मारे गए जालंधर जिले के गांव तलवंडी संघेड़ा के दो सगे भाइयों के परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दलजीत सिंह और गुरविंदर सिंह की हत्या के बाद अब परिवार ने आरोपी के परिजनों पर धमकियां देने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने केंद्र सरकार, विदेश मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन से न्याय दिलाने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ग्रीस में दोनों भाइयों की बकाया सैलरी और बीमा राशि दिलवाने की मांग की है।
दोनों भाइयों के शव भारत पहुंचने और गांव में अंतिम संस्कार किए जाने के बाद परिवार ने संत बलवीर सिंह सीचेवाल से मुलाकात कर अपना दुख साझा किया। इस दौरान गांव के गणमान्य लोग और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। परिवार ने बताया कि दोनों बेटे ही घर की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी मौत के बाद परिवार गहरे आर्थिक संकट में आ गया है। घर में मौजूद एक अन्य बेटे की बीमारी के कारण परिवार की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
परिवार और गांव के प्रतिनिधियों के अनुसार, आरोपी संदीप सिंह रिश्ते में दोनों भाइयों का दूर का मामा लगता था। आरोप है कि उसी ने पहले बड़े भाई दलजीत सिंह को रोजगार के लिए ग्रीस बुलाया और बाद में छोटे भाई गुरविंदर सिंह को भी वहां काम के लिए बुला लिया। परिवार का कहना है कि विदेश पहुंचने के बाद दोनों भाइयों को पैसों को लेकर कथित तौर पर परेशान किया जाता था और उनसे बार-बार रकम की मांग की जाती थी। परिवार के आरोपों के मुताबिक, दोनों भाइयों ने पैसे देने के बावजूद उन्हें परेशान न करने की गुहार लगाई थी।
3 नवंबर को ग्रीस में दोनों भाइयों की हत्या की घटना सामने आई थी। परिवार ने इस वारदात के लिए संदीप सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रीस पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया था। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि हत्या से जुड़ा एक वीडियो रिकॉर्ड किया गया था। हालांकि, मामले की पूरी परिस्थितियों और हत्या के पीछे की वजह को लेकर जांच जारी है।
परिवार की मां ने मुलाकात के दौरान भावुक होकर आरोप लगाया कि अब आरोपी की पत्नी और उसके मायके पक्ष की ओर से उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। मां के अनुसार, उन्हें कथित तौर पर कहा गया कि उनके पति को जेल भिजवाने के कारण परिवार को बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से इन आरोपों की जांच कराते हुए घर के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और धमकी देने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर विदेश मंत्रालय और ग्रीस स्थित भारतीय दूतावास को औपचारिक पत्र भेजे जा रहे हैं, ताकि वहां की संबंधित एजेंसियों के साथ संपर्क कर मामले की पैरवी की जा सके। उन्होंने कहा कि दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार हो चुका है, लेकिन परिवार को अभी न्याय मिलना बाकी है। उन्होंने यह भी मांग उठाई कि ग्रीस में दोनों भाइयों ने जहां काम किया था, वहां उनकी बकाया मेहनताना राशि और बीमा से संबंधित जो भी वैध भुगतान बनता है, उसे परिवार तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
गांव के लोगों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार की सुरक्षा और आर्थिक मदद का प्रबंध करने की अपील की है। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों भाइयों की मौत से परिवार की आजीविका का बड़ा सहारा छिन गया है। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं और दानवीर लोगों से भी परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।
इस बीच, गांव के प्रतिनिधियों ने बताया कि दोनों भाइयों की याद में रखे गए श्री अखंड पाठ साहिब का भोग रविवार, 29 नवंबर को गांव तलवंडी संघेड़ा स्थित गुरुद्वारा बाबा कक्कड़ जी में पड़ेगा। इस मौके पर संगत और क्षेत्र के लोगों को पहुंचकर परिवार के साथ खड़े होने की अपील की गई है। परिवार की मांग है कि भारत सरकार ग्रीस के संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखे, मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो और उन्हें न्याय मिलने के साथ-साथ आर्थिक अधिकार भी दिलाए जाएं।
For permission to reuse our original reporting or images, contact The Jalandhar Times.